IC News and Media House Private Limited


Bhopal

श्रम विभाग के सचिव ने श्रमोदय विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

सचिव, श्रम विभाग रघुराज राजेंद्रन एवं सचिव, मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल रानी बाटड ने श्रमोदय आवासीय विद्यालय, मुगालिया छाप, भोपाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आवासीय विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा विद्यालय के समुचित एवं सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान छात्रावास के संचालन एवं प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। छात्रावास में विद्यार्थियों की मूलभूत आवश्यकताओं की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छात्रावास प्रभारी (वार्डन) को आवश्यक वित्तीय अधिकार सौंपे जाने के संबंध में प्राचार्य को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति समय पर हो तथा व्यवस्थाओं के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए, यह सुनिश्चित किया जाए।विद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए परिसर में सुगम मार्ग बनाए जाने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर को सभी विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक एवं सुलभ बनाने की दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक विषयों का परीक्षण करने हेतु कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में डिप्टी कलेक्टर हर्षिता दवे को अधिकृत किया गया। उनके द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का परीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने तथा विद्यालय से संबंधित सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से अभिभावकों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए। निर्देशों के परिपालन में अभिभावकों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जा चुका है। इस ग्रुप के माध्यम से अभिभावक विद्यालय की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं तथा शिक्षा से संबंधित विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार साझा कर सकेंगे। श्रमोदय आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुरक्षित आवासीय सुविधा एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button