मरीजों की बेहतर चिकित्सा और भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी : डॉ. रवीश रिजवी
मनकापुर स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना उमड़ रही मरीजों की भीड़, क्षेत्रवासियों ने चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना की

मनकापुर, गोण्डा। मनकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवीश रिजवी ने कहा कि मरीजों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म और कर्तव्य है। दूर-दराज से उम्मीद लेकर अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि जो मरीज भरोसा लेकर उनके पास आए, उसकी उम्मीदों पर खरा उतर सकें।
डॉ. रिजवी ने कहा कि “कौन मेरे बारे में क्या सोचता है और क्या करता है, यदि हम इन बातों पर ध्यान देंगे तो मरीजों की सेवा नहीं कर पाएंगे।” उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुगम और बेहतर बनाने की है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और चिकित्सक उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि लोगों का सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रति विश्वास कायम है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का प्रयास है कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और उचित देखभाल मिल सके।
क्षेत्रीय लोगों ने भी स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. रवीश रिजवी, डॉ. आलोक चौधरी और चिकित्सा अधीक्षक एसएन सिंह की कार्यशैली और मरीजों के प्रति सेवाभाव की सराहना की है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1000 से 1500 मरीजों तक की भीड़ हो जाती है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने सरकार से स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए उच्चीकृत स्वास्थ्य केंद्र में कम से कम 50 बेड की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें।

Subscribe to my channel