मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से प्रधानाध्यापिका नीलम मिश्रा सम्मानित

शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं प्रभावी नेतृत्व के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली शासकीय माध्यमिक शाला कुम्हारपारा, संकुल केवरामुंडा, जिला बस्तर की प्रधानाध्यापिका श्रीमती नीलम मिश्रा को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण–2026 के अंतर्गत शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य एवं प्रभावी नेतृत्व के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र, सम्मान-चिह्न एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

श्रीमती नीलम मिश्रा का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान निरंतर समर्पण और कर्मठता का उदाहरण रहा है। वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान प्राथमिक प्रधानाध्यापिका के रूप में उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए। विद्यालयों के नियमित संचालन के प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने मोहल्ला क्लास सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन कर बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखा।

श्रीमती नीलम मिश्रा के इस उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए राजीव गांधी शिक्षा मिशन, समग्र शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया गया था।

इसके पश्चात वर्ष 2025 में माध्यमिक शाला की प्रधानाध्यापिका के रूप में उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का प्रभावी संचालन करते हुए सक्षम नेतृत्व प्रदान किया। उनके उत्कृष्ट कार्य, नेतृत्व क्षमता एवं विद्यालय के विकास में योगदान को देखते हुए रोटरी क्लब द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें उत्कृष्ट शिक्षक एवं उच्च नेतृत्वकर्ता के रूप में सम्मानित किया गया।

वर्ष 2026 में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण से सम्मानित किया जाना उनकी उपलब्धियों की एक और महत्वपूर्ण कड़ी है। इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र, सम्मान-चिह्न एवं चेक प्रदान किया जाना उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य एवं प्रभावी नेतृत्व की विभागीय सराहना को दर्शाता है।

श्रीमती नीलम मिश्रा की कार्यशैली केवल विद्यालय और कक्षा तक सीमित नहीं है। वे सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाजहित, जनजागरूकता एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में अपनी सहभागिता निभाती रही हैं। सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशीलता तथा राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान है।

इसके साथ ही वे कर्मचारी संघ की गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए कर्मचारी हितों, संगठनात्मक दायित्वों एवं विभिन्न सामाजिक-संगठनात्मक कार्यों में अपना योगदान देती रही हैं। शिक्षा, समाज एवं कर्मचारी हितों के क्षेत्र में उनकी सक्रियता उन्हें एक समर्पित शिक्षिका, कुशल प्रशासक एवं प्रभावी नेतृत्वकर्ता के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाती है।

सम्मान प्राप्त करने पर श्रीमती नीलम मिश्रा ने कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए गौरव के साथ-साथ एक नई जिम्मेदारी और प्रेरणा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान के लिए मैं आगे भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहूंगी।”

श्रीमती नीलम मिश्रा की इस उपलब्धि पर शासकीय माध्यमिक शाला कुम्हारपारा, संकुल केवरामुंडा के शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक, कर्मचारी संघ के साथी एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Subscribe to my channel