Noida News : सांदीपनि विद्यालय के विज्ञान शिक्षक दिनेश सीरोठिया को सेवानिवृत्ति पर समारोहपूर्वक विदाई
36 वर्षों से अधिक की सेवा में दो पीढ़ियों को ज्ञान, अनुशासन और संस्कार देने वाले शिक्षक को दी भावभीनी विदाई
सिटी क्राइम रिपोर्टर अनिल कुमार श्रीवास नोएडा
पलेरा (टीकमगढ़)। नगर के सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ विज्ञान शिक्षक दिनेश कुमार सीरोठिया की अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर विद्यालय परिवार की ओर से विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षक साथियों एवं विद्यार्थियों ने उनके 36 वर्षों से अधिक के सेवाकाल को याद करते हुए उनके सरल, सहज, मृदुभाषी एवं हंसमुख व्यक्तित्व की सराहना की। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सीरोठिया समय के पाबंद और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित शिक्षक रहे हैं। उन्होंने सेवाकाल में विद्यार्थियों को विषय ज्ञान देने के साथ-साथ अनुशासन एवं संस्कारों की शिक्षा देकर लगभग दो पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया।शिक्षक कैलाश खरे ने सीरोठिया के साथ बचपन से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनके सेवानिवृत्ति तक के सफर की यादें ताजा कीं। वहीं संस्था की छात्रा कु. आराध्या मिश्रा ने शिक्षक के सम्मान में कविता पाठ कर भावनाएं व्यक्त कीं। कवि एवं रेडियो गायक जयहिंद सिंह ने अपनी सुमधुर आवाज में विदाई पत्र का गायन प्रस्तुत किया।
सिरोठिया के बहनोई कृष्णकांत दरोगा लिधौरा ने उनके सामाजिक जीवन एवं व्यक्तिगत उपलब्धियों की सराहना करते हुए भावुक शब्दों में शुभकामनाएं दीं। संस्था प्राचार्य महेश रावत ने विद्यालय के प्रति सीरोठिया के समर्पण, योगदान एवं मार्गदर्शन को यादगार बताया।शाल-श्रीफल से किया सम्मान समारोह में पहुंचे जनप्रतिनिधि सुनील खटीक, महेश पटैरिया, राजेश नायक एवं अभय मोर ने सीरोठिया का शाल एवं श्रीफल से सम्मान कर उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की। विद्यालय के सभी शिक्षक साथियों ने भी शाल, श्रीफल एवं उपहार भेंट कर अपने साथी शिक्षक को सम्मानित किया। संस्था की ओर से प्राचार्य महेश रावत, खंड लीडर रामकुमार नायक एवं गफ्फार खान ने सीरोठिया, उनके परिजनों एवं रिश्तेदारों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया। समारोह का संचालन राजेंद्र कुमार जैन एवं गौरीशंकर यादव ने किया। अतिथियों का तिलक एवं पुष्पहार से स्वागत राजीव जैन, अनिल मिश्रा एवं अल्का तिवारी ने किया। समारोह के अंत में शिक्षक साथियों ने गाजे-बाजे के साथ सेवानिवृत्त शिक्षक दिनेश कुमार सीरोठिया को उनके गंतव्य तक पहुंचाकर भावभीनी विदाई दी। इस दौरान कई शिक्षक एवं विद्यार्थी भावुक नजर आए।
Subscribe to my channel