Uttar Pradesh News : वाराणसी कमिश्नरेट थाना कपसेठी चोरी की घटना का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार; तीन पीले धातु के बर्तन बरामद
ब्यूरो चीफ निखिलेश कुमार मिश्रा वाराणसी उत्तर प्रदेश
वाराणसी कमिश्नरेट कपसेठी थाना पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए तीन पीले रंग के धातु के बर्तन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को कपसेठी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम शिवदासपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान वांछित आरोपी सुभाष बनवासी (25 वर्ष) पुत्र डिंगूर बनवासी, निवासी ग्राम मोढ़, थाना भदोही, जनपद भदोही को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 03 पीले रंग के धातु के बर्तन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को एक घर में घुसकर बर्तन और अन्य सामान चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति के घर में प्रवेश करने की फुटेज भी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस टीम घटना के खुलासे में जुटी थी। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब दो दिन पहले उसने बजरडीहा स्थित एक मकान में घुसकर बर्तन चोरी किए थे। चोरी का सामान बेचने के लिए वह कपसेठी स्टेशन से ट्रेन पकड़कर वाराणसी शहर जाने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुरियावां और भदोही थानों में चोरी, माल बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, चौकी प्रभारी मधुसूदन त्रिपाठी, आरक्षी रामआशीष और आरक्षी विवेकानन्द शामिल रहे। आरोपी के विरुद्ध पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Subscribe to my channel