Uttar Pradesh News : वाराणसी कमिश्नरेट थाना जंसा पुलिस ने दहेज उत्पीड़न व विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पति-सास गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ निखिलेश कुमार मिश्रा वाराणसी उत्तर प्रदेश
वाराणसी। जंसा थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और विवाहिता व उसकी मासूम पुत्री की आत्महत्या के मामले में वांछित पति और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को ग्राम लच्छीपुर से मुखबिर की सूचना पर की गई गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार गोड़ (30 वर्ष) और उसकी मां पुष्पा देवी (50 वर्ष), निवासी ग्राम लच्छीपुर, थाना जंसा, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, अनिता देवी का विवाह 30 मई 2021 को अजीत कुमार गोड़ के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा समझाने के बावजूद कथित रूप से उत्पीड़न जारी रहा।

परिजनों के अनुसार, वर्ष 2023 में अनिता को उसके मायके लाया गया था, जहां दिसंबर 2023 में उसने एक पुत्री को जन्म दिया। इसके बाद वह मायके में ही रह रही थी। आरोप है कि 9 मार्च 2026 को अजीत कुमार गोड़ अनिता और उसकी पुत्री को अपने साथ ले गया। बाद में उसने परिजनों को सूचना दी कि अनिता और उसकी पुत्री ने चौखण्डी रेलवे फाटक के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में तहरीर के आधार पर 19 अगस्त 2026 को जंसा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 174/2026, धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में जंसा थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह, चौकी प्रभारी रामेश्वर आदित्य सेन सिंह, म0उ0नि0 नेहा सिंह, हे0का0 दिनेश कुमार यादव और म0का0 जागृति शामिल रहीं।


Subscribe to my channel