IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News : तोपचांची की बेटी पलक ने रचा सफलता का नया अध्याय, NEET में सफलता के बाद SNMMCH में MBBS में लिया दाख़िला

विजय झा ने किया पलक कुमारी का सम्मान, कहा—बेटियों की सफलता से रोशन हो रहा हमारा समाज और क्षेत्र

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

टुंडी/तोपचांची। मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के बल पर टुंडी विधानसभा क्षेत्र के तोपचांची प्रखंड अंतर्गत मोरहाडीह गांव की होनहार बेटी पलक कुमारी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर अपने माता-पिता, परिवार और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। पलक ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET में सफलता प्राप्त करने के बाद शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला लिया है। पलक कुमारी, मोरहाडीह निवासी श्यामलाल तिवारी की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता को लेकर गांव और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने इसे तोपचांची और टुंडी विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है। पलक की इस प्रेरणादायी उपलब्धि के अवसर पर पूर्व वियाडा अध्यक्ष एवं समाजसेवी विजय झा ने उनके आवास पहुंचकर पलक कुमारी और उनके परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान पलक को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विजय झा ने कहा कि पलक कुमारी की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों या परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। पलक ने अपनी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और युवाओं को यह संदेश दिया है कि सही लक्ष्य और ईमानदार प्रयास के साथ बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पलक अब चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में प्रवेश कर रही हैं और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में एक कुशल चिकित्सक के रूप में समाज की सेवा करते हुए अपने परिवार और क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगी। पलक कुमारी के सम्मान समारोह में मंडल समाज के केंद्रीय महामंत्री गौतम मंडल, ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेश तिवारी, नागेंद्र शुक्ला, भास्कर ओझा, पीयूष तिवारी, सुशील तिवारी, बलराम उपाध्याय, सपन ओझा, पंकज द्विवेदी, सूर्य नारायण तिवारी, गिरजा शंकर उपाध्याय और पंकज तिवारी सहित ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा परिवार के कई सम्मानित सदस्य उपस्थित थे। पलक कुमारी की सफलता आज केवल एक परिवार की खुशी नहीं, बल्कि पूरे तोपचांची और टुंडी विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रेरणा का विषय बन गई है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि बेटियों को अवसर, प्रोत्साहन और बेहतर मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button