Uttar Pradesh News : 31 अगस्त से नेपालगंज रोड स्टेशन से शुरू होगी रेल सेवा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
जूनियर रिपोर्टर रमेश कुमार बहराइच उ.प्र.
रुपईडीहा/बहराइच। सीमावर्ती क्षेत्र के लाखों लोगों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बड़ी खुशखबरी सामने आई है। 31 अगस्त 2026 से नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। रेलवे और जिला प्रशासन की ओर से स्टेशन के शुभारंभ को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रेल सेवा शुरू होने से नेपालगंज रोड, रुपईडीहा, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। नई रेल कनेक्टिविटी से बहराइच और सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के लिए गोंडा और वाराणसी तक आवागमन आसान होने की उम्मीद है। चार ट्रेनों के संचालन की जानकारी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआत में दो एक्सप्रेस और दो मेमू/पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की जानकारी सामने आई है। इनमें नेपालगंज रोड से वाराणसी के लिए इंटरसिटी तथा वाराणसी सिटी से नेपालगंज रोड तक विस्तारित ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा गोंडा-नेपालगंज रोड के बीच भी यात्री ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है।
रेल सेवा बहाल होने से व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा क्षेत्र के व्यापारियों और आम यात्रियों को सस्ता एवं सुविधाजनक रेल परिवहन मिलने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।
स्टेशन के शुभारंभ की तैयारियां तेज 29 अगस्त को नेपालगंज रोड स्टेशन पर रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की आवाजाही बढ़ गई है। स्टेशन परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं और टेंट आदि की व्यवस्था भी पहुंच चुकी है। 31 अगस्त को स्टेशन के शुभारंभ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने की चर्चा है, हालांकि उनके आगमन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन का संचालन सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम साबित होगा। लंबे समय से बंद रेल सुविधा बहाल होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने के साथ ही रुपईडीहा-बहराइच क्षेत्र के व्यापार और पर्यटन को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


Subscribe to my channel