दिनकरपुर में लगा जियो टावर बना शोपीस, नेटवर्क के लिए तरस रहे आसपास के गांवों के उपभोक्ता
दिनकरपुर में लगा जियो टावर बना शोपीस, नेटवर्क के लिए तरस रहे आसपास के गांवों के उपभोक्ता

मनकापुर, गोण्डा। क्षेत्र के दिनकरपुर गांव में जियो कंपनी का टावर स्थापित होने के बावजूद आसपास के गांवों में नेटवर्क की समस्या दूर नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि टावर चालू होने के बाद भी मोबाइल कॉल में परेशानी, कॉल ड्रॉप और इंटरनेट सेवा बाधित रहने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दिनकरपुर में टावर लगने से उम्मीद थी कि आसपास के गांवों में भी मोबाइल नेटवर्क बेहतर होगा, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। कई स्थानों पर नेटवर्क नहीं आने के कारण फोन मिलाने पर कॉल फेल हो जाती है, जबकि इंटरनेट की स्पीड भी बेहद कम रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि नेटवर्क की समस्या का सबसे अधिक असर छात्रों, किसानों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। ऑनलाइन पढ़ाई, जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान और आवश्यक फोन कॉल के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने जियो कंपनी के अधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर टावर की क्षमता एवं कवरेज की जांच कराने तथा नेटवर्क की समस्या को जल्द दूर कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुचारू मोबाइल और इंटरनेट सेवा का लाभ मिल सके।

Subscribe to my channel