Chhattisgarh News : SECL की घोर लापरवाही से सर्वमंगला-कनकी मार्ग बना दलदल: ओभरबर्डन डंप का मलबा सड़क पर आया, फँसी गाड़ियाँ

रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर स्थानीय जनता और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। सर्वमंगला-कनकी मार्ग पर चंद्रनगर बसावट के पास तेज बारिश के चलते SECL के ओवरबर्डन डंपिंग यार्ड से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा बहकर सीधे मुख्य मार्ग पर आ गया। देखते ही देखते पूरी सड़क गहरे कीचड़ और मलबे के समंदर में तब्दील हो गई। घटना के प्रमुख बिंदु: SECL की सुरक्षा में चूक: ओभरबर्डन डंप की मिट्टी को ढलान से नीचे बहने से रोकने के लिए SECL प्रबंधन द्वारा मानसून पूर्व सुरक्षा दीवार और ड्रेनेज के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। सड़क पर फँसी गाड़ियाँ: मलबे के तेज बहाव के कारण मुख्य सड़क पर चल रही एक कार आधी से ज्यादा कीचड़ में धँस गई। वहीं, बिलासपुर रूट की एक यात्री बस भी सड़क के बीचों-बीच फँस गई, जिससे बस में सवार यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बन आया। आवागमन ठप, राहगीर परेशान: मलबा जमने से सर्वमंगला-कनकी मुख्य मार्ग पर वाहनों का पहिया पूरी तरह थम गया है। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर घुटनों तक भरे कीचड़ और मलबे के बीच से पैदल गुजरने को मजबूर हैं।
प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश: चंद्रनगर और आसपास के ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खदानों से ओवरबर्डन डंपिंग करते समय सार्वजनिक सुरक्षा और जल निकासी के नियमों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से माँग की है कि SECL प्रबंधन पर तुरंत दंडात्मक कार्रवाई की जाए, सड़क से मलबे को हटाकर यातायात बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए ठोस सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए।
Subscribe to my channel