Uttar Pradesh News : सावन के अंतिम सोमवार पर शिवभक्ति में डूबा भरथना, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

ब्यूरो चीफ सागर कुमार इटावा उत्तर प्रदेश
भरथना। सावन के चौथे एवं अंतिम सोमवार को नगर के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे। मोतीगंज स्थित माहेश्वरी धर्मशाला के शिव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान शिव का विशेष श्रृंगार कर भक्तों के दर्शन के लिए व्यवस्था की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं प्रसाद अर्पित किया।

इस दौरान माहेश्वरी धर्मशाला में राजू फाइटर, योगेश अजनबी और अरविंद शर्मा ने भगवान शिव के भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जैसे-जैसे भजनों का दौर आगे बढ़ा, मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ भजन गायकों का उत्साहवर्धन किया और भगवान शिव के जयकारे लगाए। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन होकर नृत्य करते नजर आए। आयोजन में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उल्लास का विशेष माहौल बना रहा। कार्यक्रम में मंदिर पुजारी अरुण शुक्ला, कन्हैया पोरवाल, राजू साईं, धीरज दास, इंद्र कुमार, राजा, सुनील साईं, कृष्णा शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सभी के मंगल की प्रार्थना की। सावन के अंतिम सोमवार पर हुए इस धार्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। देर तक मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और भोलेनाथ के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।


Subscribe to my channel