Madhya Pradesh News : 27 अगस्त को बीजाडांडी में जनविश्वास शिविर
1 सितंबर से एनीमिया मुक्त मंडला अभियान के तहत स्कूलों में लगेंगे शिविर
ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला । कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिला योजना भवन में समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी 27 अगस्त को बीजाडांडी में आयोजित होने वाले जनविश्वास शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनविश्वास शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है, इसलिए अधिकारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। 1 सितंबर से एनीमिया मुक्त मंडला अभियान के तहत शिविर महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल ने बैठक में बताया कि जिले में 1 सितंबर से एनीमिया मुक्त मंडला अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले के 826 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है, जहां कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययनरत 55 हजार 228 छात्र-छात्राओं की स्क्रीनिंग की जाएगी। कलेक्टर श्री धोटे ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्क्रीनिंग के साथ-साथ आवश्यकतानुसार आयरन की गोलियों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ट्राईबल छात्रावासों में रहने वाली बालिकाओं की भी स्क्रीनिंग कराने तथा जांच एवं आयरन की गोलियों के वितरण से संबंधित जानकारी का रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा चिन्हित विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी फॉलोअप पर भी ध्यान दिया जाए।

फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के निर्देश कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य महत्वपूर्ण है, इसलिए मैदानी स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विशेष प्रयास किए जाएं। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों की सराहना बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार प्रभावी कार्यवाही एवं समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया आगे भी जारी रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने उच्च श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों की सराहना करते हुए कहा कि वे अपनी अच्छी कार्यप्रणाली को निरंतर बनाए रखें तथा अन्य विभाग भी शिकायतों के निराकरण में इसी प्रकार गंभीरता दिखाएं। इसके साथ ही कलेक्टर ने ऐसी शिकायतों की भी समीक्षा की, जिन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने अनअटेंडेड शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्वयं सहायता समूहों से राखियां खरीदने की अपील बैठक के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने जिले के सभी अधिकारियों से अपील की कि आगामी रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार की गई राखियों की खरीदारी करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रोत्साहन देने से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा तथा उनकी आजीविका को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले में महिलाएं अपने हुनर के माध्यम से विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देकर खरीदने से स्थानीय स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिला स्वावलंबन और आजीविका को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री हुनेन्द्र घोरमारे, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी श्री शैलेन्द्र चौधरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नदीमा शिरी, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश कौशिक, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Subscribe to my channel