Rajasthan News : भाजपा ने आबूरोड़ नगरपालिका चुनाव के लिए चुनाव कार्यालय का किया शुभारंभ
ब्यूरो चीफ महावीर चन्द्र आबूरोड
आबूरोड़ नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए नगर मंडल स्तर पर चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। शहर के सदर बाजार स्थित एमपी मोटर्स में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना के साथ कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यालय का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, संगठन प्रभारी मनोज सिंघानिया, सह चुनाव प्रभारी आवड़दान चारण,पूर्व विधायक जगसीराम कोली, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी, चुनाव प्रभारी गणपत बाठिया,अनुसूचित मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सिंदल,मंडल अध्यक्ष मनीष सिंघल,मंडल संयोजक मनीष परसाई तथा निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष मगनदान चारण के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामा पंडित के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के मंडल एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों सहित शहर के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

180 दावेदारों के लिए आयोजित हुए साक्षात्कार कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के बाद गांधीनगर स्थित सेंचुरी मार्बल में भाजपा के चुनाव प्रभारियों एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा नगरपालिका चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के साक्षात्कार लिए गए। जानकारी के अनुसार विभिन्न वार्डों से करीब 180 दावेदारों के साक्षात्कार आयोजित किए गए। साक्षात्कार के दौरान पार्टी नेताओं ने दावेदारों से उनके संबंधित वार्ड की राजनीतिक एवं सामाजिक स्थिति, स्थानीय समस्याओं, मतदाताओं के रुझान तथा चुनाव में जीत की संभावनाओं को लेकर विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही वार्ड में पार्टी की स्थिति, प्रमुख मुद्दों और संभावित चुनावी समीकरणों के बारे में भी चर्चा की गई।
भाजपा नेताओं ने दावेदारों से उनके वार्ड में संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की स्थिति और मतदाताओं के बीच उनकी पकड़ सहित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। पार्टी स्तर पर प्रत्याशी चयन को लेकर इन जानकारियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं कार्यक्रम एवं साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान भाजपा मंडल महामंत्री भगवती सिंह एवं दिनेश कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सांबरिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष राजीव मारू,मंडल आईटी प्रभारी पुलिन छंगाणी,सूर्यप्रताप सिंह तथा रवि पटेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। भाजपा द्वारा चुनाव कार्यालय के शुभारंभ और संभावित प्रत्याशियों के साक्षात्कार के साथ ही आबूरोड़ नगरपालिका चुनाव को लेकर पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी चुनाव में मजबूत प्रत्याशियों के चयन, वार्डवार रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी कवायद शुरू कर दी है।




Subscribe to my channel