Madhya Pradesh News : कलेक्टर के निर्देश पर मोहगांव के ग्राम झुरगी पोंडी में नदी घाट का निरीक्षण, बचाव सामग्री वितरित
स्कूली बच्चों द्वारा नाव से नदी पार करने की सूचना पर प्रशासन सक्रिय

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला । कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार थाना मोहगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झुरगी पोंडी में स्कूली बच्चों द्वारा नाव का उपयोग कर नदी पार करने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक दल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार मोहगांव श्री चंद्र कुमार वट्टे, होमगार्ड कंपनी कमांडर श्री हेमराज परस्ते, एवं थाना मोहगांव से सब इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत बिसेन ग्राम पंचायत झुरगी पहुंचे। मौके पर सरपंच एवं उपसरपंच सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। टीम द्वारा नदी घाट का निरीक्षण कर जलस्तर की मार्किंग कराई गई। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होमगार्ड कार्यालय मंडला से बचाव सामग्री ग्राम पंचायत को प्रदाय की गई।

इस दौरान ग्रामीणों को लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट के उपयोग की जानकारी दी गई एवं आपातकाल में बचाव कार्य किस प्रकार किया जाए, इस संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया। नाव संचालक को निर्देशित किया गया कि जलस्तर बढ़ने पर नाव का संचालन न किया जाए। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि वे बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को सुरक्षित साधनों से ही नदी पार कराएं।
Subscribe to my channel