Chhattisgarh News : उरगा चौक में चक्काजाम की चेतावनी, NSUI के जिला महासचिव शैलेंद्र कुर्रे ने SECL प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
कोरबा। उरगा चौक से गोमाता चौक तक सड़क की बदहाल स्थिति और कोयला खदानों से निकलने वाले भारी वाहनों के कारण हो रही परेशानियों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने SECL प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के जिला महासचिव शैलेन्द्र कुर्रे ने महाप्रबंधक, SECL कोरबा एरिया को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और धूल-मिट्टी की सफाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि उरगा चौक से गोमाता चौक तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। खदानों से निकलने वाले भारी वाहन दिन-रात इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क पर धूल और मिट्टी की मोटी परत जम गई है। इससे आम लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग दुर्घटना का शिकार होते-होते बच रहे हैं और घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है।

NSUI का कहना है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। संगठन ने SECL प्रबंधन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि सड़क पर जमा धूल-मिट्टी की सफाई और जाम की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उरगा चौक के पास चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित चक्काजाम के दौरान केवल मालवाहक बड़े वाहनों को रोका जाएगा। स्कूल वाहनों, एम्बुलेंस, छोटे घरेलू वाहनों और आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाई जाएगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा थाना प्रभारी उरगा को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि SECL प्रबंधन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है और आम जनता को राहत देने के लिए क्या कदम उठाता है।

Subscribe to my channel