Madhya Pradesh News : भट्टयान से सामेड़ा तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
रिर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेशपो
कसरावद। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और मां नर्मदा के प्रति आस्था से ओतप्रोत ग्राम भट्टयान से ग्राम सामेड़ा तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे। कांवड़ यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा तट पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर पवित्र जल कांवड़ में भरा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने संत सियाराम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ यात्रा सामेड़ा के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संस्थाओं की ओर से कांवड़ियों के लिए सेवा-सत्कार की व्यवस्था की गई। ग्राम पंचायत की ओर से 11 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया गया। श्रद्धालुओं के लिए पोहा एवं मिर्ची के भजिए की व्यवस्था भी की गई। ग्राम भट्टयान के डॉ. अनिल बिरला की ओर से चाय की सेवा की गई। मलगांव फाटे पर अजय कुशवाह (लाइनमैन), गौतम राठौड़ एवं महेंद्र दरबार की ओर से कांवड़ यात्रियों को माजा वितरित की गई।
ग्राम खमलाय में सोहन चौहान , अनोकचंद्र बिरला, जयपाल पटेल और उनके मित्र मंडल की ओर से फरियाली की व्यवस्था की गई। वहीं स्वर्गीय ओमकारलाल चौहान की स्मृति में बाड़ी नाग मंदिर के पास नारायणी सेना प्रदेश महामंत्री सुभाष चौहान (दादा दयालु) की ओर से चाय-नाश्ते की सेवा की गई। ग्राम सामेड़ा के युवा साथी दीपक एवं लखन पटेल ने ग्राम के समीप कांवड़ियों को केले की प्रसादी वितरित की। जगह-जगह हुए सेवा-सत्कार से कांवड़ियों में उत्साह देखने को मिला। यात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया। यात्रा के समापन पर ग्राम सामेड़ा स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर ग्राम सामेड़ा सहित पूरे क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कांवड़ यात्रा में सभी वर्गों की सहभागिता ने इसे विशेष बना दिया। बुजुर्गों से लेकर बच्चों और युवाओं तक श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस धार्मिक आयोजन को सामाजिक एकता, सेवा और भाईचारे की मिसाल बना दिया।

Subscribe to my channel