Madhya Pradesh News : कलेक्टर की पहल से अनाथ बच्चे किशना को मिली पहचान
आधार कार्ड की समस्या का हुआ निराकरण
ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
कलेक्टर मृणाल मीना की संवेदनशील पहल से जनसुनवाई में आये बड़ामलहरा तहसील के ग्राम भगवा निवासी अनाथ बालक किशना विश्वकर्मा का आधार कार्ड बनवाया गया। माता-पिता के निधन के बाद आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में आधार कार्ड बनने में समस्या आ रही थी, जिसके कारण बच्चा शिक्षा एवं शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित था। बच्चे के दादा द्वारा जनसुनवाई में समस्या बताने पर जिला प्रशासन ने यूआईडीएआई, बाल कल्याण समिति एवं ई-गवर्नेंस विभाग के समन्वय से विशेष प्रक्रिया अपनाई। कानूनी अभिभावक संबंधी कार्रवाई पूर्ण होने के बाद आधार पंजीयन कराया गया और यूआईडीएआई द्वारा आधार कार्ड जारी किया गया।

एसडीएम बड़ामलहरा ने किशना एवं उसके दादा को आधार कार्ड प्रदान किया। कलेक्टर मृणाल मीना ने वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चे एवं उसके दादा से बातचीत कर हालचाल जाना और आधार कार्ड प्राप्त होने की पुष्टि की। उल्लेखनीय है कि जिले में इससे पूर्व भी अनाथ बालक मोहित विश्वकर्मा का आधार कार्ड विशेष प्रक्रिया के माध्यम से बनवाकर प्रदान किया जा चुका है।
Subscribe to my channel