Uttar Pradesh News : चन्देठी में मां-बेटी की हत्या से सनसनी, धारदार हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट

ब्यूरो चीफ सागर कुमार इटावा उत्तर प्रदेश
भरथना। थाना क्षेत्र के ग्राम चन्देठी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के भीतर मां और बेटी के शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों को हुई। दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। घटना सामने आते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान पुष्पा देवी (62 वर्ष) पत्नी सुरेश चन्द्र और उनकी विवाहित पुत्री निर्मला (43 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पुष्पा देवी का शव घर की गैलरी में चारपाई पर, जबकि निर्मला का शव आंगन में पड़ा मिला। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान पाए गए। घटनास्थल के पास पुलिस को एक दरांती भी मिली है। घर के सामान को देखने पर प्रथम दृष्टया किसी तरह की लूटपाट या तोड़फोड़ के संकेत नहीं मिले हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो दिनों से घर में किसी की आवाजाही दिखाई नहीं दे रही थी। सोमवार को दूधिया ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर के अंदर जांच की तो मां-बेटी के शव बरामद हुए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक अपराध अरिमर्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस कप्तान के अनुसार मृतका के पुत्र नन्दू से फोन पर जानकारी ली गई। उसने बताया कि वह, उसका एक भाई और पिता बाहर रहकर निजी नौकरी करते हैं, जबकि घर में उनकी मां पुष्पा देवी और विवाहित बहन निर्मला रहती थीं।
पुलिस के मुताबिक निर्मला की शादी 26 अप्रैल 2021 को मैनपुरी जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुरालीजनों द्वारा मारपीट कर उसे घर से निकालने की बात सामने आई है। इसके बाद से निर्मला अपनी मां के साथ चन्देठी गांव में रह रही थी। इस मामले में पूर्व में किशनी थाने में शिकायत दिए जाने के साथ घरेलू हिंसा और भरण-पोषण से संबंधित मुकदमा पारिवारिक न्यायालय में भी चल रहा था। न्यायालय द्वारा पति को निर्मला को प्रतिमाह 7 हजार रुपये गुजारा भत्ता देने का आदेश दिए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे निर्मला के ससुराल पक्ष से चल रहे विवाद को एक संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to my channel