Madhya Pradesh News : बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में ही निवास के निर्देश

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय पर निवास करने के निर्देश दिए हैं। कंपनी प्रबंधन द्वारा जारी निर्देश अनुसार 24×7 विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर त्वरित निराकरण कंपनी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मुख्यालय पर हर समय उपलब्धता आवश्यक है।
कंपनी प्रबंधन के संज्ञान में आया है कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय पर निवास नहीं कर रहे हैं, जिससे आवश्यकता के समय उनकी उपलब्धता नहीं हो पाती और उपभोक्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के त्वरित निराकरण में कठिनाई आती है। जारी निर्देशों के अनुसार सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय पर ही निवास करने और आवश्यकता के समय कार्यालयीन एवं जनहित के कार्यों के लिए उपलब्ध रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
भविष्य में किसी अधिकारी/कर्मचारी के मुख्यालय पर निवास नहीं करने की जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, इसका भी लेख किया है साथ ही कंपनी प्रबंधन ने अधिकारियों और कर्मचारियों से उपभोक्ता सेवा एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़े दायित्वों के निर्वहन में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए है।


Subscribe to my channel