धमतरी- क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल श्रृंगी ऋषि पर्वत पर सांसद भोजराज नाग पहुंचे और करीब 400 सीढ़ियों की चढ़ाई कर पर्वत शिखर स्थित महर्षि श्रृंगी ऋषि एवं ऋषिका के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की धार्मिक महत्ता और पर्वत के विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
श्रृंगी ऋषि विकास समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सांसद भोजराज नाग के समक्ष पर्वत पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं। समिति ने बताया कि प्रतिवर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर यहां तीन दिवसीय विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। महायज्ञ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और तीनों दिनों तक भंडारे का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भंडारे के लिए स्थायी शेड निर्माण की आवश्यकता बताई गई।
समिति ने पर्वत के ऊपर श्रद्धालुओं के लिए शौचालय निर्माण तथा वहां दुकान संचालित करने वाले दुकानदारों के लिए व्यवस्थित व्यावसायिक परिसर बनाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी। समिति का कहना था कि सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिलेगी और श्रृंगी ऋषि पर्वत को धार्मिक पर्यटन के रूप में और अधिक विकसित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा सहित स्थानीय कार्यकर्ता, समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। सांसद भोजराज नाग ने पर्वत की धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए समिति की मांगों पर आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।