Jharkhand News : चतरा पुलिस की बड़ी सफलता, टीएसपीसी का एरिया कमांडर गिरफ्तार
पारामातु गांव में श्राद्ध के दौरान छापेमारी, दो पुलिसकर्मियों की हत्या में था शामिल

रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड
चतरा। चतरा पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछू उर्फ लखन गंझू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव स्थित उसके घर से दबोचा। वह गांव में श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने आया था।पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने पारामातु आ रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव में छापेमारी कर लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली टीएसपीसी संगठन में काफी सक्रिय था। वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में वह शामिल था। इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वशिष्ठनगर और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट की धाराएं शामिल हैं। छापेमारी अभियान में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव और लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




Subscribe to my channel