मुख्यमंत्री ने भोपाल विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे से झंडी दिखाकर रवाना किया

रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक भगवान दास सबनानी साथ थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, उल्लास और उमंग व्याप्त है। सभी ओर तिरंगा दिखाई दे रहा है। देश की आजादी के लिए मर-मिटने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का देश स्मरण कर रहा है। स्वतंत्र भारत उनके ही पराक्रम से आकार ले पाया। पूरी दुनिया में भारत अपनी सक्षमता सिद्ध कर रहा है। हम आज विश्व के सबसे युवा और तेज गति से बढ़ने वाले देश के रूप में जाने जाते हैं।मध्यप्रदेश समृद्ध और सामर्थ्यशाली हो, यह लक्ष्य लेकर राज्य सरकार कार्य कर रही है। भोपाल और इंदौर के आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर दो मेट्रोपोलिटन सिटी की सौगात मिलने जा रही है। छह जिलों को मिलाकर भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी का स्वरूप दिया जाएगा। इससे राजधानी के रूप में भोपाल का गौरव बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर अतीत के संघर्ष और पीड़ा को याद कर अपना सर्वस्व समर्पित करने वाली विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण ही बड़ी संख्या में सिख-पंजाबी और सिंधी परिवारों को अपना घर-बार-जमीन-जायदाद छोड़ना पड़ी। अपनी सनातन संस्कृति को बनाए रखने और अपने धर्म की रक्षा के लिए ही उन्होंने यह त्याग किया। यह भारत माता के प्रति प्रेम और समर्पण का प्रत्यक्ष उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी यह कामना है कि यह सांस्कृतिक धारा पुन: एक हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। यात्रा में बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन शामिल थे। देशभक्ति गीतों की धुनों, भारत माता की जय के नारों से वातावरण को गुजायमान करते हुए तिरंगा यात्रा भारत माता चौराहा (डिपो चौराहा) के लिए रवाना हुई।




Subscribe to my channel