Madhya Pradesh News : तिरंगे के रंग में रंगा छतरपुर, देशभक्ति के जोश के साथ निकली भव्य साइकिल रैली
वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली छात्रों एवं नागरिकों ने निकाली तिरंगा साइकिल रैली

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 से भव्य तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के सामूहिक गायन के साथ छतरपुर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री एवं नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, कलेक्टर मृणाल मीना ने हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगा साइकिल रैली उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौराहा, महल रोड, प्रताप सागर तालाब एवं पुलिस लाइन होते हुए वापस उत्कृष्ट विद्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।

रैली में एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी, एएसपी आदित्य पाटले, सीएमओ माधुरी शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा लेकर साइकिल पर निकले प्रतिभागियों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। रैली के मार्ग में वंदे मातरम् के जयघोष और देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा। रैली के माध्यम से नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर सभी ने उत्साहपूर्वक तिरंगा सेल्फी भी ली।


Subscribe to my channel