Jharkhand News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे-आपत्तियां, 7 अक्टूबर को अंतिम प्रकाशन
रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड
चतरा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर- 2026 के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार उप निर्वाचन पदाधिकारी, चतरा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं समय-सारणी की विस्तृत जानकारी साझा की गई। बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। इसके उपरांत 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन एवं निष्पादन की कार्रवाई के पश्चात 07 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 08 एवं 09 अगस्त 2026 को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम विलोपन, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान संचालित किया जाएगा।

साथ ही 15 अगस्त 2026 को पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाना है। बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। उनसे आग्रह किया गया कि वे पात्र मतदाताओं को निर्धारित तिथियों पर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यकता के अनुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए जागरूक करें। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं नए पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के सफल एवं पारदर्शी संचालन में सहयोग की अपील की। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, चतरा समेत जिला निर्वाचन कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


Subscribe to my channel