Madhya Pradesh News : ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई
ललोनी में मुक्तिधाम के लिए भूमि चिन्हांकित, पलकोंहा के विस्थापित परिवारों के आवासीय भूमि प्रकरण के त्वरित निराकरण का आश्वासन
ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
नवागत कलेक्टर मृणाल मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रथम आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में एक ओर जहां ललोनी की हरिजन बस्ती में लंबे समय से चली आ रही मुक्तिधाम की समस्या का तत्काल समाधान किया गया, वहीं केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित पलकौहां के विस्थापित परिवारों की आवासीय भूमि की मांग पर नियमानुसार कार्रवाई हेतु आश्वासन दिया गया। ललोनी में मुक्तिधाम के लिए तत्काल चिन्हांकित हुई भूमि जनसुनवाई में ग्राम ललोनी की हरिजन बस्ती के करीब 50 ग्रामीणों ने मुक्तिधाम के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर मृणाल मीणा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा तत्काल संबंधित अधिकारियों को मुक्तिधाम के लिए भूमि चिन्हांकन के निर्देश दिए। निर्देशों के तत्काल पालन में ग्राम ललोनी के खसरा नंबर 255 में भूमि का चिन्हांकन किया गया एवं ग्राम पंचायत को मुक्तिधाम निर्माण के लिए आवश्यक प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति की कार्यवाही भी शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का जल्द स्थायी समाधान हो सके।
जनसुनवाई में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्राम पलकौंहा के करीब 50 विस्थापित परिवारों ने भी आवासीय भूमि आवंटित किए जाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदकों ने बताया कि ढ़ोढन बांध के कारण विस्थापन के बाद उन्हें आवास के लिए उपयुक्त भूमि प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है।

विस्थापित परिवारों ने ग्राम पंचायत खैरी, तहसील राजनगर में आबादी क्षेत्र से लगी शासकीय भूमि में से आवास के लिए भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि उक्त स्थान पर आवास मिलने से बच्चों की शिक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। कलेक्टर ने विस्थापित परिवारों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर समस्या के निराकरण के लिए आश्वस्त किया। आधार संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान अनाथ बच्चे का आधार बनवाया, 70 वर्षीय महिला का आधार कराया सक्रिय, 10 वर्षीय बालिका को भी सौंपा आधार कार्ड जनसुनवाई में कलेक्टर मृणाल मीणा ने आधार संबंधी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप जरूरतमंद नागरिकों को तत्काल राहत मिली। बड़ामलहरा तहसील के ग्राम भगवां निवासी अनाथ बच्चे के माता-पिता के निधन के बाद पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं होने से वह शासकीय योजनाओं एवं शिक्षा संबंधी सुविधाओं से वंचित था।

कलेक्टर के निर्देश पर बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसके बड़े पापा को कानूनी अभिभावक घोषित कराया गया। इसके बाद जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस राहुल तिवारी के माध्यम से आधार पंजीयन कराया गया और यूआईडीएआई के सहयोग से आधार कार्ड जारी कराया गया। एसडीएम बड़ामलहरा ने बच्चे और उसके दादा को आधार कार्ड सौंपा। इसी तरह ग्राम अनगौर निवासी 70 वर्षीय महिला का निष्क्रिय आधार तत्काल सक्रिय कराया गया। वहीं गायत्री कॉलोनी, बिजावर निवासी 10 वर्षीय देवांशी तिवारी का तकनीकी समस्या के कारण नहीं बन पा रहा आधार कार्ड भी बनवाकर उसे सौंपा गया। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही कलेक्टर ने जनसुनवाई में 285 आवेदनों पर सुनवाई की और संबंधित विभागों को तत्काल निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।

Subscribe to my channel