IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News : दिव्यांग अमित के आत्मनिर्भर बनने के जज्बे को कलेक्टर ने सराहा, काम के लिए स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश

जनसुनवाई में 90 लोगों की सुनी समस्याएं

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश

मंडला । जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के समक्ष ग्राम पंचायत कटरा निवासी दिव्यांग अमित रघुवंशी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। अमित ने बताया कि वे एमपी ऑनलाइन से संबंधित कार्य करना चाहते हैं और स्वयं कार्य कर आत्मनिर्भर बनने की इच्छा रखते हैं। उनकी परिस्थिति और आत्मनिर्भर बनने के जज्बे को देखते हुए कलेक्टर ने उनकी सराहना की। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद स्वयं कार्य करने और आत्मनिर्भर बनने की इच्छा रखने वाले व्यक्तियों को आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने एसडीएम मंडला को निर्देशित किया कि अमित रघुवंशी को तहसील परिसर अथवा उपयुक्त शासकीय स्थान पर स्थान उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशें, जहां वे बैठकर एमपी ऑनलाइन से संबंधित कार्य अथवा कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्य कर सकें। इससे उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सकेगा। जनसुनवाई में कलेक्टर ने अन्य लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण करते हुए नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 90 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, पेंशन, आवास, विद्युत, सहित अन्य विषयों से संबंधित आवेदन शामिल रहे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई कर आवेदकों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button