IC News and Media House Private Limited


ब्रेकिंग न्यूज़

Chhattisgarh News : गतौरा शराब भट्ठी में लूट की घटना को अंजाम देने वाले 03 आरोपी मस्तूरी पुलिस की गिरफ्त में

ACCU एवं थाना मस्तूरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़

गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। कर्ज में लदे होने के कारण आरोपियों ने शराब भट्ठी में रखी नकदी रकम लूटने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने लॉकर काटने के लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी एवं चाकू सहित अन्य सामान की व्यवस्था की थी। आरोपियों ने पहले मोपका शराब भट्ठी में घटना को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन आसपास चहल-पहल होने के कारण वहां से निकलकर गतौरा शराब भट्ठी पहुंचे। घटना के बाद आरोपियों द्वारा CCTV कैमरे का DVR नदी में फेंक दिया गया, ताकि पुलिस को साक्ष्य न मिल सके। आरोपियों के कब्जे/निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं स्कूटी, लूटे गए 02 मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी एवं धारदार चाकू सहित अन्य औजार जप्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी:-
1.अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिता राजू ध्रुव, उम्र 24 वर्ष, निवासी सोनू पान सेंटर, देखरीखुर्द, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।

2.पिंटू निषाद, पिता श्रवण निषाद, उम्र 25 वर्ष, निवासी धान मंडी के पीछे, तोरवा, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।

3.सुशील निर्मलकर, पिता कार्तिक निर्मलकर, उम्र 24 वर्ष, निवासी हेमूनगर अटल आवास, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर।

घटना का संक्षिप्त विवरण:- मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी देवचरण सिन्हा, सुपरवाइजर, शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान गतौरा द्वारा थाना मस्तूरी उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थी के अनुसार दिनांक 03.08.2026 को सुबह लगभग 03:30 बजे मदिरा दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय एवं हरकुंवर पंकज के पास अचानक लगभग 04 अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति पहुंचे। सभी आरोपी काले कपड़े पहने हुए थे। आरोपियों ने दोनों सुरक्षाकर्मियों के सिर एवं गर्दन पर धारदार चाकू अड़ाकर शराब दुकान की चाबी मांगी। सुरक्षाकर्मियों द्वारा चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे एवं दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से वार कर चोट पहुंचाई तथा दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपियों ने शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा ग्राइंडर कटर मशीन एवं छेनी की सहायता से लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके। नकदी रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के 02 मोबाइल फोन तथा CCTV कैमरा एवं DVR अपने साथ ले लिया और दोपहिया वाहनों से फरार हो गए।

प्रारंभिक पूछताछ में घटना का कारण एवं वारदात का खुलासा:- प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे कर्ज में लदे हुए थे। कर्ज से छुटकारा पाने एवं रुपए प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने साथी अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, सुशील निर्मलकर एवं पिंटू निषाद के साथ मिलकर शराब भट्ठी में रखी नकदी रकम लूटने की योजना बनाई। योजना के तहत शराब दुकान के लॉकर को काटकर रकम निकालने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी, चाकू सहित अन्य सामान की व्यवस्था की गई। आरोपियों के कथनानुसार घटना के पूर्व चारों व्यक्ति देवरीखुर्द से सुशील निर्मलकर की नीले रंग की स्कूटी एवं पिंटू निषाद की मोटरसाइकिल से निकले। चारों पहले बूटा पारा-फरहदा के रास्ते मोपका शराब भट्ठी पहुंचे। वहां आसपास अधिक चहल-पहल होने के कारण आरोपियों ने योजना को अंजाम नहीं दिया और चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा शराब भट्ठी पहुंचे। गतौरा शराब भट्ठी पहुंचने के बाद आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित योजना के तहत सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया गया, उनके साथ मारपीट की गई तथा हाथ-पैर बांधकर शराब दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। आरोपियों ने ग्राइंडर कटर मशीन एवं छेनी की सहायता से लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं टूट सका। इसके बाद आरोपियों द्वारा शराब की बोतलें एवं सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन सहित CCTV कैमरा एवं DVR लेकर फरार होना बताया गया। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि घटना के बाद पुलिस को CCTV फुटेज से कोई सुराग नहीं मिले, इस उद्देश्य से CCTV कैमरे का DVR नदी में फेंक दिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं स्कूटी, लूटे गए 02 नग मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी एवं धारदार चाकू सहित अन्य सामान बरामद एवं जप्त किया गया है।

पुलिस की कार्यवाही:- घटना के बाद से ही फरार अज्ञात नकाबपोश आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मस्तूरी श्री सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस एवं ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम द्वारा आरोपियों की लगातार पतासाजी की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची तथा मामले में संलिप्त 03 आरोपियों— अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद एवं सुशील निर्मलकर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, धारदार चाकू, छेनी, 02 मोबाइल फोन एवं अन्य औजार बरामद कर जप्त किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पतासाजी की जा रही है। उक्त फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कम्पनी में कार्यरत था तथा शासकीय मदिरा दुकानों से नगद राशि कलेक्शन का कार्य करता था। आरोपी की भूमिका की भी विवेचना की जा रही है। मामले में विवेचना जारी है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी एवं घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button