Jharkhand News : बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2026-27 के लिए प्रचार रथ रवाना
31 अगस्त तक करें बीमा, मात्र ₹1 में मिलेगी फसल सुरक्षा
रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड
चतरा। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2026-27 के सफल क्रियान्वयन और अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से उपायुक्त रवि आनंद ने 09 अगस्त सोमवार को समाहरणालय परिसर, चतरा से जिला सहकारिता विभाग द्वारा तैयार प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ 10 से 31 अगस्त 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार भ्रमण करेगा। इस दौरान किसानों को योजना के प्रावधान, बीमा प्रक्रिया, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देकर समय-सीमा के अंदर बीमा कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने में यह योजना महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभ दिलाया जाए। किसान मात्र 1 रुपये के सांकेतिक प्रीमियम पर अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। शेष अधिमूल्य राज्य सरकार वहन करेगी।

चतरा जिले में अगहनी धान की प्रति हेक्टेयर बीमित राशि ₹63,558 और भदई मकई की प्रति हेक्टेयर बीमित राशि ₹48,513 निर्धारित है। कम वर्षा या प्रतिकूल मौसम से बुवाई विफल होने, फसल कटाई के बाद 14 दिनों तक खेत में रखी फसल को चक्रवात, बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि से नुकसान होने और कटाई प्रयोग में उपज कम आने पर योजना के अनुसार दावा भुगतान किया जाएगा। ऋणी किसान- संबंधित ऋणदायी संस्था द्वारा बीमा किया जाएगा। गैर-ऋणी किसान- बैंक शाखा, को-ऑपरेटिव सोसायटी, प्रज्ञा केंद्र (सीएससी) फसल बीमा ऐप और पोर्टल के माध्यम से बीमा करा सकते हैं। जरूरी दस्तावेज- नवीनतम आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि और फसल बुवाई से संबंधित कागजात। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपनी अधिसूचित फसल का बीमा कराकर योजना का लाभ लें। इस अवसर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी लोकनाथ महतो, टाटा एआईजी के प्रबंधक मनोज यादव सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
Subscribe to my channel