Madhya Pradesh News : गहोई वैश्य समाज वृहत्तर ग्वालियर के सदस्यों के नाम महत्वपूर्ण सूचना
रिपोर्टर पवन कुमार गुप्ता ग्वालियर मध्य प्रदेश
आदरणीय समाजबंधुओं, गहोई वैश्य समाज वृहत्तर ग्वालियर की 04 मार्च 2026 को आयोजित वार्षिक आमसभा में समाज के निर्वाचन संपन्न कराने हेतु सर्वसम्मति से श्री सतीश सुहाने को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। बताया गया है कि लगभग पांच माह बीत जाने के बाद भी निर्वाचन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी, क्योंकि निर्वाचन अधिकारी द्वारा कई बार मांग किए जाने के बावजूद मतदाता सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके पश्चात 30 जुलाई 2026 को प्रस्तावित असाधारण सभा, जिसे तत्कालीन कार्यवाहक अध्यक्ष श्री दिलीप तपा द्वारा बुलाया गया था, उनके द्वारा स्थगित कर दी गई। इस स्थिति को देखते हुए सलाहकार मंडल ने समाज के संविधान एवं नियमों के अनुसार वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सांवला जी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री सतीश सुहाने का त्यागपत्र प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित समाजबंधुओं, सलाहकार मंडल, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष एवं मंत्रियों की सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से श्री राजीव बेहरे को नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया बिना किसी विलंब के प्रारंभ की जाए। इसी क्रम में कार्यवाहक महामंत्री श्री घनश्याम कंथरिया द्वारा मतदाता सूची नए निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। संबंधित दस्तावेज एवं कार्यवाही की जानकारी विधिवत पंजीयक कार्यालय को भी भेजे जाने की बात कही गई है। उक्त परिस्थितियों के मद्देनज़र यह कहा गया है कि 11 अगस्त 2026 को प्रस्तावित साधारण सभा का कोई औचित्य नहीं है तथा इसे समाज के संविधान एवं निर्वाचन प्रक्रिया के विपरीत बताया गया है। यह भी कहा गया है कि निर्वाचन अधिकारी की लिखित अनुमति के बिना किसी प्रकार की बैठक आयोजित किया जाना उचित नहीं है।

समाज के सभी सम्मानित सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे समाजहित में स्वस्थ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संपादन में सहयोग प्रदान करें तथा किसी भी प्रकार के भ्रम से बचते हुए समाज की एकता और प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
निवेदक:
घनश्याम कंथरिया
कार्यवाहक महामंत्री


Subscribe to my channel