Uttar Pradesh News : डीडीयू नगर में अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, सड़क किनारे खड़े ठेले व ई-रिक्शा हटाए गए
जिला ब्यूरो चीफ अमित सिंह चंदौली
चंदौली। शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। काली मंदिर से लेकर समाजवादी पार्टी कार्यालय तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े ठेले, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को चेतावनी देते हुए सड़क खाली कराई गई। यातायात क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन के आसपास लगातार ठेला संचालकों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण किया जा रहा था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार लोगों को समझा रही है कि सड़क को अतिक्रमित न करें और अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें।
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि ठेला-खोंपचा लगाने वाले भी सड़क पर कब्जा करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, तो उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव भी मौजूद रहे। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क किनारे खड़े वाहनों और अतिक्रमण को हटवाते हुए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखी गई।


Subscribe to my channel