मतदाता सूची में सुधार का सुनहरा मौका, धनबाद के सभी बूथों पर चार दिन चलेंगे विशेष शिविर

👉नाम जोड़ना हो या सुधार कराना, 4 सितंबर तक मिलेगा आवेदन का अवसर; 8-9 और 22-23 अगस्त को बूथों पर रहें मौजूद बीएलओ
धनबाद: आगामी चुनावों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान तेज कर दिया है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त 2026 को विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां मतदाता अपने नाम से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। मतदाता यहां नया नाम जुड़वाने, नाम में सुधार कराने, पता या अन्य विवरण संशोधित कराने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने सहित विभिन्न प्रकार के आवेदन जमा कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान सभी पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देकर मतदाता सूची में अपना नाम या विवरण अपडेट करा सकते हैं।
मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित होगी। इसमें लोगों को मतदाता सूची का सत्यापन करने और समय पर आवश्यक संशोधन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक “होम टू रोल वेरिफिकेशन” अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो उससे प्रपत्र-6 भरवाया जाएगा। वहीं जिन मतदाताओं का नाम गलत मतदान केंद्र में दर्ज है, वे प्रपत्र-8 के माध्यम से मतदान केंद्र परिवर्तन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि झारखंड से बाहर, जैसे बिहार और पश्चिम बंगाल में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में शामिल परिवारों के सदस्य भी निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-8 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही 4 सितंबर तक प्रत्येक घर पर “फैमिली टुगेदर” स्टीकर लगाया जाएगा, ताकि परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन अवश्य कराएं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि के भीतर उसका सुधार कराएं, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Subscribe to my channel