धनबाद में 23,612 राशन कार्ड होंगे रद्द, प्रशासन ने शुरू की बड़ी कार्रवाई

👉सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता और बड़े कारोबारियों पर कार्रवाई, हजारों राशन कार्ड निरस्त होंगे
👉फ्री राशन योजना से बाहर होंगे अपात्र लाभुक, धनबाद प्रशासन ने जारी की सूची
👉राशन कार्ड धारकों के लिए अलर्ट! पात्रता नहीं होने पर पूरे परिवार का कार्ड होगा रद्द
धनबाद: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और पात्र लाभुकों तक सीमित रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले के 23,612 राशन कार्डों को निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह कार्रवाई खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश तथा झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2024 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
प्रशासन द्वारा कराए गए सत्यापन में बड़ी संख्या में ऐसे लाभुकों की पहचान हुई है, जो सरकारी मानकों के अनुसार राशन योजना के पात्र नहीं हैं। जांच के दौरान 21,996 आयकरदाता, 1,493 ग्रॉस टर्नओवर श्रेणी के लाभुक तथा 123 सरकारी कर्मचारी चिन्हित किए गए हैं। ये सभी “एक्सक्लूजन क्राइटेरिया” के दायरे में आते हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपात्र लाभुकों के साथ-साथ उनके परिवार के सभी सदस्यों के राशन कार्ड भी निरस्त किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी अनाज का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक ही पहुंचे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी परिवार में कोई सदस्य सरकारी सेवा में है, आयकरदाता है या निर्धारित ग्रॉस टर्नओवर श्रेणी में आता है, तो वे अपनी पात्रता की जांच अवश्य कर लें। अपात्र पाए जाने पर संबंधित राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह अभियान राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप चलाया जा रहा है, ताकि जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा सके तथा सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।


Subscribe to my channel