Madhya Pradesh News : गांव में ही हो समस्याओं का समाधान, आमजन को न करना पड़े अनावश्यक आवागमन: कलेक्टर
ग्राम ओहानी में ’हमारा गांव-हमारा समाधान’ शिविर में पहुँचे कलेक्टर

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पटवारी, सचिव एवं सरपंच ग्राम पंचायत में नियमित रूप से बैठक आयोजित करें, ग्रामीणों से संवाद स्थापित करें तथा स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। वे इस दौरान नैनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत ओहानी में आयोजित ’हमारा गांव-हमारा समाधान’ शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए आमजन को उपलब्ध कराई जा रही शासकीय सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा लगाए गए निःशुल्क औषधि वितरण स्टॉल का भी अवलोकन किया तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा। शिविर के उपरांत कलेक्टर ने नैनपुर स्थित एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं जनसेवा संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को पारदर्शी, समयबद्ध एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली अपनाने के लिए कहा। इस दौरान एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत, सरपंच श्रीमती सुमंत्रा मर्सकोले, उप सरपंच श्रीमती सरला झारिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।



Subscribe to my channel