Jharkhand News : टॉयलेट के बहाने भागने की कोशिश पड़ी भारी, पुलिस मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा
साहिबगंज से धनबाद जेल लाए जा रहे गैंगस्टर ने जवान का हथियार छीना, जवाबी कार्रवाई में हुई मौत
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद/जामताड़ा: झारखंड के चर्चित गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा जिले में उसने टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी और वाहन रुकते ही कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि हथियार हाथ लगते ही सुजीत सिन्हा ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से सुरक्षा बलों में हलचल मच गई। पुलिस ने पहले उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुजीत सिन्हा लंबे समय से झारखंड की विभिन्न जेलों में बंद था और सुरक्षा कारणों से उसका स्थानांतरण साहिबगंज जेल से धनबाद जेल किया जा रहा था। ट्रांजिट के दौरान हुई इस घटना ने पूरे सुरक्षा तंत्र को सतर्क कर दिया।

सुजीत सिन्हा पर हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे। लंबे समय से वह राज्य के सबसे कुख्यात अपराधियों में शामिल माना जाता था और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मुकदमे लंबित थे। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ में इस्तेमाल हथियार, फायरिंग की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी द्वारा हथियार छीनकर भागने और फायरिंग करने के प्रयास के बाद जवाबी कार्रवाई की गई। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।



Subscribe to my channel