Uttar Pradesh News : निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत, क्षेत्र में मचा कोहराम
ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश
महराजगंज (कोठीभार): थाना कोठीभार क्षेत्र के मीराबाई नगर वार्ड संख्या 25 स्थित पोखरा टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोखरा टोला निवासी चार बच्चे—राजबीर (13 वर्ष) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14 वर्ष) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13 वर्ष) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15 वर्ष) पुत्र कबूतर रौनियार—नहाने के लिए गांव के निर्माणाधीन पोखरे में गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
तीनों को डूबता देख राजबीर घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष कोठीभार के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Subscribe to my channel