Bihar News : कैमूर: पशु तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 20 दिनों में करीब 500 मवेशी जब्त, दो दर्जन से अधिक तस्कर गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ संतोष कुमार श्रीवास्तव मोहनिया कैमूर बिहार
कैमूर (बिहार)। कैमूर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि हाल के दिनों में पुलिस ने पशु तस्करों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। जानकारी के अनुसार, कैमूर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर पशु तस्करी, अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले लगभग 20 दिनों में करीब 500 मवेशी जब्त किए गए हैं, जबकि दो दर्जन से अधिक पशु तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसी क्रम में मोहनिया थाना पुलिस ने दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर बरेज के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से मवेशियों को बरामद किया और एक कथित पशु तस्कर को गिरफ्तार किया। जब्त वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पशु तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि इस अभियान की निरंतरता कितने समय तक बनी रहेगी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to my channel