महेशपुर कोल डंप पर CISF की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला ढुलाई में इस्तेमाल हो रही तीन बाइक जब्त

👉एरिया-03 में अवैध कोयला तस्करी पर CISF का शिकंजा, कोयला लदी तीन मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं
👉महेशपुर कोल डंप के पास अवैध कोयला परिवहन विफल, CISF की छापेमारी में तीन बाइक जब्त
महेशपुर (धनबाद): भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के एरिया-03 अंतर्गत महेशपुर कोल डंप के समीप अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला लदी तीन मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान असामाजिक तत्व अवैध तरीके से मोटरसाइकिलों पर कोयला लोड कर वहां से ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, CISF को क्षेत्र में अवैध कोयला ढुलाई की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बल की टीम ने महेशपुर कोल डंप के आसपास विशेष छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान कोयला लदी तीन मोटरसाइकिलों को मौके से जब्त कर लिया गया। हालांकि सुरक्षा बल की कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध कारोबार में शामिल लोग मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि महेशपुर कोल डंप और उसके आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध कोयला उठाव और तस्करी की शिकायतें मिलती रही हैं। तस्कर छोटे वाहनों और मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर कोयले की चोरी एवं अवैध परिवहन का प्रयास करते हैं। CISF समय-समय पर ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करती रही है।
जब्त की गई तीनों मोटरसाइकिलों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित प्रबंधन एवं स्थानीय पुलिस को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कोलियरियों और कोल डंपों से होने वाले अवैध कोयला उठाव पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Subscribe to my channel