Jharkhand News : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह; 9 से 13 अगस्त तक परेड रिहर्सल
15 अगस्त को पूरे जिले में शान से लहराएगा तिरंगा, सभी सरकारी भवनों में होगा ध्वजारोहण; डीसी ने दिए व्यापक निर्देश

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में 15 अगस्त के मुख्य समारोह और उससे जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित होगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां 13 अगस्त तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। स्टेडियम में साफ-सफाई, समतलीकरण, मंच सज्जा, सुरक्षा, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस तथा चिकित्सकों की टीम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी विद्यालयों एवं सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी सरकारी भवनों और परिसरों की सफाई एवं रंग-रोगन कराया जाए। स्वतंत्रता दिवस पर उपायुक्त सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8:00 बजे आवासीय कार्यालय, 9:00 बजे मुख्य समारोह स्थल तथा 10:00 बजे समाहरणालय में ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा उप विकास आयुक्त, अनुमंडल दंडाधिकारी, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), रेड क्रॉस सोसाइटी तथा पुलिस लाइन सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस वर्ष पहली बार बेलगड़िया स्थित जेआरडीए प्रशासनिक भवन में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बेलगड़िया कॉलोनी के निवासियों को भी आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्य समारोह में डीएपी, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारतीय स्काउट एंड गाइड तथा ग्रामीण पुलिस के प्लाटून आकर्षक परेड का प्रदर्शन करेंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 9 अगस्त से 13 अगस्त तक शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा। 13 अगस्त को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड रिहर्सल एवं समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और 15 अगस्त की शाम शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इनमें श्रमिक चौक, स्टील गेट, रणधीर वर्मा चौक, अंबेडकर चौक, समाहरणालय, मिश्रित भवन, अनुमंडल कार्यालय तथा वाणिज्य कर कार्यालय सहित अन्य प्रमुख भवन शामिल हैं। जिले एवं प्रखंडों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की विशेष सफाई भी कराई जाएगी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 14 अगस्त की संध्या न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे लागू रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से प्लास्टिक से बने राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग नहीं करने तथा तिरंगे के सम्मान से जुड़े सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एडीएम (विधि व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Subscribe to my channel