Jharkhand News : व्हाट्सएप पर हुई दोस्ती बनी ठगी की वजह, CISF जवान से ₹28 हजार ऐंठने का आरोप
फ्रेंडशिप स्कैम' का खुलासा: मदद के बहाने पैसे मंगवाए, लौटाने की मांग पर मिली धमकी
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद | अलकडीहा: धनबाद जिले में ऑनलाइन फ्रेंडशिप के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। जोड़ापोखर क्षेत्र में तैनात एक CISF जवान ने एक महिला पर दोस्ती का भरोसा जीतकर ₹28 हजार की ठगी करने तथा रकम वापस मांगने पर धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर जोड़ापोखर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साइबर थाना की भी मदद ली जा रही है। जानकारी के अनुसार, CISF जवान सुशील कुमार के मोबाइल पर कुछ दिन पहले एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम नेहा सिंह बताया। शुरुआत में बातचीत गलत नंबर समझकर समाप्त हो गई, लेकिन अगले दिन महिला ने दोबारा संपर्क किया और धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन व व्हाट्सएप पर नियमित बातचीत होने लगी। शिकायत में कहा गया है कि कुछ दिनों बाद महिला ने अपने एक परिजन की तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए आर्थिक सहायता की मांग की। उसने भुगतान के लिए एक बारकोड भेजा, जिस पर भरोसा कर जवान ने अलग-अलग चार मोबाइल नंबरों पर कुल करीब ₹28 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो महिला ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने जैसी धमकियां भी देनी शुरू कर दीं। मामले में जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है। पूरे प्रकरण की जांच साइबर थाना के सहयोग से की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि फोन, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप के माध्यम से बने नए परिचितों पर जल्दबाजी में भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन पैसे भेजने से पहले उसकी पहचान और दावे की पूरी तरह पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।


Subscribe to my channel