ब्रेकिंग न्यूज़

मूसलाधार बारिश से नगरी-सिहावा में हाई अलर्ट, नदी-नाले और एनीकट उफान पर, पुलों पर बैरिकेडिंग एसडीएम प्रीति दुर्गम सहित प्रशासनिक व पुलिस अमला मौके पर तैनात

 

सिहावा का मुख्य पुल भी जलमग्न होने की कगार पर, एसडीएम प्रीति दुर्गम सहित प्रशासनिक व पुलिस अमला मौके पर तैनात

 

धमतरी नगरी-सिहावा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले, एनीकट और पुल-पुलियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। क्षेत्र के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तेज कर दी गई है।

एसडीएम प्रीति दुर्गम के नेतृत्व में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व अमला तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी लगातार पुल-पुलियों और एनीकटों का निरीक्षण कर रहे हैं। कर्णेश्वर एनीकट सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर प्रशासन और पुलिस की टीम चौबीसों घंटे तैनात है।

लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण सिहावा का मुख्य पुल भी कभी भी जलमग्न हो सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस की टीम लोगों को किसी भी स्थिति में उफनते पुल या नदी-नालों को पार नहीं करने दे रही है। पुलिस लगातार लोगों को समझाइश देते हुए जान जोखिम में डालकर पुल पार करने से सख्ती से रोक रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, बारिश के दौरान नदी-नालों और एनीकटों के पास न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश की संभावना जताए जाने के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button