Himachal Pradesh News : हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार से 31 जुलाई से पहले लंबित मांगों को पूरा करने का किया आह्वान

ब्यूरो चीफ ओमप्रकाश शर्मा शिमला हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान 31 जुलाई से पहले किया जाए। समिति का कहना है कि हजारों पेंशनर अपने वैध अधिकारों की पूर्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। समिति ने कहा कि पेंशनरों ने अपना पूरा जीवन प्रदेश की सेवा में समर्पित किया है, इसलिए उनकी मांगों की अनदेखी उचित नहीं है। सरकार को चाहिए कि लंबित वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों का जल्द निपटारा कर पेंशनरों को राहत प्रदान करे।

वर्मा ने उम्मीद जताई है कि सरकार 31 जुलाई से पहले सकारात्मक निर्णय लेकर पेंशनरों के हित में ठोस कदम उठाएगी। यदि निर्धारित समय तक मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो समिति 8 अगस्त के नगरोटा सम्मेलन में आगे की रणनीति बनाने पर विचार करेगी। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही लंबित मांगों के समाधान का आश्वासन दे चुके हैं। अब प्रदेश के लाखों पेंशनरों की अपेक्षा है कि 31 जुलाई से पहले इन आश्वासनों को धरातल पर उतारा जाए। पेंशनर्स का कहना है कि समयबद्ध कार्रवाई से सरकार पर उनका विश्वास और मजबूत होगा तथा लंबे समय से लंबित मांगों का सम्मानजनक समाधान सुनिश्चित होगा।
Subscribe to my channel