Chhattisgarh News : प्रशासनिक उपेक्षा की भेंट चढ़ा कोरबा का लक्ष्मण नाला पुल: कई बार उठी आवाज, फिर भी नहीं जागी सरकार!
रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोयलांचल क्षेत्र की जीवनरेखा माने जाने वाले कोरबा–कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर स्थित इमलीछापर चौक के समीप लक्ष्मण नाला पुल की जर्जर हालत लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। पुल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन, भारी मालवाहक ट्रक, बसें, दोपहिया वाहन तथा आम राहगीर गुजरते हैं। पुल की क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक पुल के मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि लक्ष्मण नाला पुल का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Subscribe to my channel