Uttar Pradesh News : पटवों के चौराहे पर रोजाना फॉल्ट से बिजली व्यवस्था चरमराई,
उपभोक्ताओं ने की समाधान की मांग

रिपोर्टर नौरोज़ हैदर बिजनौर उत्तर प्रदेश
जनपद बिजनौर के हल्दौर नगर के पटवों के चौराहे पर विद्युत केबलों में लगातार हो रहे फॉल्ट से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय आए दिन होने वाले फॉल्ट के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे मोहल्लेवासियों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजलीघर पहुंचे और अवर अभियंता (जेई) तथा उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से मुलाकात कर जल्द स्थायी समाधान की मांग की। उपभोक्ताओं ने बताया कि पटवों के चौराहे पर स्थापित 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार होने के कारण प्रतिदिन फॉल्ट की स्थिति बन रही है। घरेलू कनेक्शनों के साथ-साथ तीन फैक्ट्रियों का भारी विद्युत भार भी इसी ट्रांसफार्मर पर होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। उन्होंने मांग की कि फैक्ट्रियों के लिए अलग ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, क्षेत्र में नई विद्युत केबलें बिछाई जाएं तथा पटवों के चौराहे से शिव डेयरी तक नया बिजली का पोल स्थापित किया जाए। इसके अलावा स्वीकृत भार (सैंक्शन लोड) से अधिक बिजली उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं की जांच कर उनके विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई। साथ ही हाल ही में डाली गई विद्युत केबलों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग भी की गई।

उपभोक्ताओं का कहना था कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में बिजली संकट और गहराएगा तथा लोगों को पूरी-पूरी रात बिजली कटौती झेलनी पड़ेगी।
बिजलीघर पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता करने वालों में राजीव मारवाड़ी, विशाल महंत, शलभ शर्मा, जसप्रीत सिंह, गजेंद्र सिंह, दीपक ऐरन, राहुल वर्मा, रजत वर्मा, विभु रस्तौगी, सुनील शर्मा, नरेंद्र सिंह, प्रदीप दुबे, अजय मोहन शर्मा, विनय मोहन, नरदेव सिंह, दीप शर्मा और अतुल गांधी सहित अन्य उपभोक्ता शामिल रहे।


Subscribe to my channel