अत बन्दे फिल्म प्रोडक्शन हाउस ने अपनी नई वेबसीरीज़ की शूटिंग का किया शुभारंभ
मेरठ। स्थानीय फिल्म निर्माण संस्था अत बन्दे फिल्म प्रोडक्शन हाउस ने अपनी आगामी वेबसीरीज़ की शूटिंग का शुभारंभ मेरठ के रोहटा रोड स्थित गांव शोभापुर में किया। शूटिंग के पहले दिन कलाकारों और तकनीकी टीम ने पूरे उत्साह के साथ कार्य प्रारंभ किया। वेबसीरीज़ का निर्देशन अमित हर्षरूप कर रहे हैं, जो इस प्रोजेक्ट में मुख्य अभिनेता की भूमिका भी निभा रहे हैं। वहीं, वेबसीरीज़ के लेखक एवं वरिष्ठ अभिनेता *राजीव कांडपाल हैं, जिनके अनुभव और लेखन को इस प्रोजेक्ट की बड़ी ताकत माना जा रहा है। सहयोगी कलाकारों में सीमांत कुमार यशमणि कुमार सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार अपनी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, नकारात्मक किरदार (विलेन) में गुरमीत दीवान अपनी दमदार अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर बातचीत के दौरान अत बन्दे फिल्म प्रोडक्शन हाउस के सीईओ राहुल पासी एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष सिंह मनि ने बताया कि यह वेबसीरीज़ ओटीटी प्लेटफॉर्म और प्रोडक्शन हाउस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के लिए तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण और प्रभावशाली कहानियां प्रस्तुत करना है।

उन्होंने आगे कहा कि अमित हर्षरूप और राजीव कांडपाल अभिनय के क्षेत्र में निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उनकी प्रतिभा और लगन को देखते हुए भविष्य में उन्हें बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में भी अवसर दिए जाएंगे। राहुल पासी और मनीष सिंह मनि ने यह भी बताया कि अत बन्दे फिल्म प्रोडक्शन हाउस लगातार नए और प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में कई नए कलाकारों को उच्च स्तर की वेबसीरीज़, शॉर्ट फिल्म और फीचर फिल्मों में अभिनय करने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिल सके। फिल्म जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह वेबसीरीज़ स्थानीय कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी और मेरठ की उभरती फिल्म इंडस्ट्री को नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Subscribe to my channel