Jharkhand News : चतरा: झामुमो नेता मनोज चंद्रा के नेतृत्व में उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
09 अगस्त से हाइवा चतरा छोड़ो आंदोलन की दी चेतावनी हजारीबाग के कोयले का परिवहन चतरा होकर बंद करने और सड़क दुर्घटनाओं- प्रदूषण पर रोक की मांग

रिपोर्टर महेंद्र कुमार यादव चतरा झारखंड
चतरा।झारखण्ड मुक्ति मोर्चा केन्द्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा के नेतृत्व में झामुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चतरा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हजारीबाग जिले से निकलने वाले कोयले का परिवहन चतरा जिले होकर किए जाने पर रोक लगाने की मांग की गई है। उपायुक्त के सौपें ज्ञापन में कहा गया है कि हजारीबाग जिले के एनटीपीसी की कोयला परियोजना का प्रतिदिन लगभग 50,000 टन कोयला चतरा जिले के टंडवा, सिमरिया, चतरा, गिद्धौर मार्ग से ले जाया जा रहा है। कहा गया है कि एनटीपीसी की परियोजना हजारीबाग में है और कोयले को कटकमसांडी रेलवे साइडिंग ले जाने के लिए 25 किलोमीटर का रास्ता छोड़कर 105 किलोमीटर का रास्ता चतरा जिले से होकर अपनाया जा रहा है। जिससे चतरा की सड़कों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। कोयला वाहनों के कारण चतरा में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वायु प्रदूषण बढ़ा है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई निर्दोष लोग दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। खन से मिलने वाला राजस्व, रॉयल्टी हजारीबाग को मिल रही है, लेकिन दुष्प्रभाव चतरा जिले को झेलना पड़ रहा है। एनटीपीसी टंडवा और केटीपीसी बंडेडीह द्वारा सीसीआर/फ्लाई ऐश की ढुलाई बिना नियमों की जा रही है, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है।झामुमो की 10 प्रमुख मांगे

हजारीबाग के कोयले का परिवहन हजारीबाग के मार्गों से ही हो। चतरा पर अनावश्यक बोझ तत्काल बंद हो। हजारीबाग- चट्टी बरियातु/पांडु/केरेडारी से चलकर चतरा होकर पुनः हजारीबाग/कटकमसांडी जाने वाले हाइवा को किसी भी परिस्थिति में चलने न दिया जाए। फ्लाई ऐश की ढुलाई को नियमनुकूल किया जाए, नहीं तो पूर्णतः बंद किया जाए। विस्थापितों को उचित मुआवजा और रोजगार दिया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी, बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। कोयला ढुलाई में स्थानीय वाहनों और स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए।
09 अगस्त से आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो 9 अगस्त 2026 से हाइवा चतरा छोड़ो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसी दिन सिमरिया के सुभाष चौक पर अनिश्चितकालीन धरना देकर हजारीबाग से चतरा होकर हजारीबाग जाने वाले सभी कोल वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद कर दिया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, झारखण्ड सरकार और अनुमंडल पदाधिकारी, सिमरिया को भी भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में झामुमो के केंद्रीय सदस्य मनोज चंद्रा, सिमरिया पश्चिम क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य देवनंदन साहु, पूर्वी जिला परिषद सदस्य रोहिणी देवी, प्रमुख रोहन साहू, पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष रमन कुमार साहू, मुख्य संघ के प्रखंड अध्यक्ष विनोद महतो, सलीम अख्तर और भूपेंद्र ठाकुर का नाम शामिल है।




Subscribe to my channel