Uttar Pradesh News : बिजनौर के रुकनपुर नगला में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम
रिपोर्टर नौरोज़ हैदर बिजनौर उत्तर प्रदेश
जनपद बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव रुकनपुर नगला में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने युवक का शव घर में फंदे से लटका देखा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही हल्दौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रुकनपुर नगला निवासी नीरज उर्फ छोटू (28 वर्ष) पुत्र मेहर सिंह ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो वह फंदे से लटके हुए मिले। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। आनन-फानन में हल्दौर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का विवाह कई वर्ष पूर्व हो चुका था, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।



Subscribe to my channel