मानसून से पहले धनबाद नगर निगम अलर्ट, जलजमाव रोकने के लिए मेयर ने कसी अधिकारियों पर लगाम

जलभराव नहीं होगा बर्दाश्त, मेयर संजीव सिंह ने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश
धनबाद: मानसून के दौरान हर साल शहर के कई इलाकों में होने वाले जलजमाव को लेकर धनबाद नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में मेयर संजीव सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलनिकासी व्यवस्था, नालों की सफाई, संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति और मानसून के दौरान अपनाई जाने वाली कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेयर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या किसी भी हाल में आम लोगों के लिए परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए। जिन क्षेत्रों में हर वर्ष बारिश के दौरान पानी भरने की शिकायतें आती हैं, वहां विशेष निगरानी रखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि जलनिकासी से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से नालों की सफाई, जलनिकासी मार्गों से अतिक्रमण एवं अवरोध हटाने तथा संवेदनशील स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डी-वाटरिंग मशीनों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्णय भी लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रस्ताव को पहले ही नगर निगम बोर्ड की स्वीकृति मिल चुकी है और अब जल्द ही खरीद प्रक्रिया पूरी कर मशीनों को शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान जमा पानी को तेजी से निकाला जा सके।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम केवल अस्थायी उपायों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जलजमाव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए भी दीर्घकालिक योजना पर काम करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, जहां हर वर्ष जलभराव की समस्या दोहराई जाती है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि शहरवासियों को जलजमाव से राहत दिलाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जलनिकासी कार्यों में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नालों में कचरा या अन्य अपशिष्ट न डालें और जलनिकासी व्यवस्था को बाधित करने वाली गतिविधियों से बचें। यदि किसी क्षेत्र में जलभराव, नालों की रुकावट या जलनिकासी से संबंधित कोई समस्या दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
नगर निगम का कहना है कि इस बार मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है और लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि शहरवासियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Subscribe to my channel