Jharkhand News : धनबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, बार एसोसिएशन व चेंबर ऑफ कॉमर्स से मांगा सहयोग
एसआईआर-2026: गणना प्रपत्र जमा करने में तेजी लाने को विशेष कैंप, 20 जुलाई तक प्रक्रिया पूरी करने की अपील

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद, 18 जुलाई: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को गति देने के लिए शनिवार को धनबाद अनुमंडल कार्यालय में बार एसोसिएशन और विभिन्न चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड के उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर और धनबाद विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में धनबाद और झरिया जैसे शहरी क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है। इसी को ध्यान में रखते हुए 18 और 20 जुलाई को दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए गए हैं, जहां बीएलओ, सुपरवाइजर, हेल्प डेस्क मैनेजर और स्वयंसेवक मतदाताओं की सहायता करेंगे।

उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि धनबाद में करीब 95 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, लेकिन बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अभी तक भरे हुए प्रपत्र बीएलओ को वापस नहीं सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग अपनी जिम्मेदारी निभा चुका है, अब मतदाताओं की जिम्मेदारी है कि वे समय पर प्रपत्र जमा कर डिजिटाइजेशन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने में सहयोग करें। बैठक में बार एसोसिएशन और चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे अपने यहां आने वाले लोगों और कर्मचारियों से यह सुनिश्चित करें कि उन्होंने गणना प्रपत्र भरकर जमा किया है या नहीं। यदि नहीं, तो उन्हें निकटतम मतदान केंद्र जाकर प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पिछली विशेष पुनरीक्षण मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं जिनका या उनके माता-पिता का नाम पिछली सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-सत्यापित प्रति जमा करनी होगी। साथ ही जिन मतदाताओं का नाम एक से अधिक मतदान केंद्रों पर दर्ज है, उन्हें एक स्थान से नाम हटवाने की सलाह दी गई।

बैठक के बाद अधिकारियों ने आईआईटी (आईएसएम) धनबाद पहुंचकर संस्थान के रजिस्ट्रार प्रबोध पाण्डे और चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर राम मनोहर से मुलाकात की। इस दौरान संस्थान के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने एसआईआर-2026 के तहत शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के लिए रांची से उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर को धनबाद तथा देवदास दत्ता को झरिया विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों अधिकारी सोमवार को भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले अधिकारियों ने धनबाद रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर लोगों से बातचीत की। अधिकांश लोगों ने बताया कि उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकारियों ने धनबाद और झरिया विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से 20 जुलाई को आयोजित विशेष कैंप का लाभ उठाकर समय पर अपनी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।


Subscribe to my channel