Jharkhand News : धनबाद में नाबालिग से गैंगरेप का मामला, वायरल पिटाई वीडियो बना जांच की कड़ी; तीन आरोपी गिरफ्तार
मारपीट की शिकायत से खुला सामूहिक दुष्कर्म का राज, पॉक्सो एक्ट में तीन आरोपी जेल भेजे गए
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: धनबाद के पाथरडीह क्षेत्र से एक नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बालिग और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के एक वीडियो की जांच के दौरान इस वारदात का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन युवकों की कुछ लोगों द्वारा बेरहमी से पिटाई की जा रही थी। इस घटना के बाद आरोपियों के परिजन पाथरडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब मारपीट के मामले की जांच शुरू की, तो पूछताछ के दौरान घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं और सामने आया कि मामला 15 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म से जुड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे चासनाला पुल के पास स्थित हनुमान मंदिर के समीप हुई। आरोप है कि तीन युवकों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार सदमे में था। गुरुवार की देर शाम पीड़िता की मां ने गौशाला ओपी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी जयदेव मल्लिक पीड़िता के रिश्तेदारों के संपर्क में था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र स्थित खेकचाटांड़ में छापेमारी कर मुख्य आरोपी जयदेव मल्लिक (20), मिहिर मल्लिक (18) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। सिंदरी के डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to my channel