Uttar Pradesh News : फतेहपुर में चार गोवंशों की हत्या से सनसनी, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
रिपोर्टर शत्रुघन फ़तेहपुर उत्तर प्रदेश
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद के हथगाम थाना क्षेत्र एवं हुसैनगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर चार गोवंशों के मृत मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर क्षेत्राधिकारी (CO) गौरव शर्मा सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पशु चिकित्सकों की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर गोवंशों का परीक्षण किया।

घटना के बाद बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल के कार्यकर्ता राहुल अग्निहोत्री से पुलिस अधिकारियों ने वार्ता कर जल्द कार्रवाई और मामले के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Subscribe to my channel